ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक गांजा तस्करी का नेटवर्क! कार से 23.500 किलो गांजा बरामद।
विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा से कार में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे चार आरोपियों को पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में लगातार जांच और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक किया कैरेंस कार में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार क्रमांक OD 02 CT 3301 वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
कार की पिछली सीट से मिला 23.500 किलो गांजा
कार में चार व्यक्ति सवार थे। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर उनके जवाब संदिग्ध पाए गए। इसके बाद कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट में रखी सफेद रंग की बोरी से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा ओडिशा के बौध जिले से लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर में खपाने के लिए ले जा रहे थे।पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त आठ लाख रुपये कीमत की कार और चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 20,500 रुपये बताई गई है, जब्त कर लिए। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 19,95,500 रुपये आंका गया है।
ओडिशा के बौध जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—केशव गाई गौउरिया (32 वर्ष), निवासी डिगी, थाना मनोमुण्डा, जिला बौध, ओडिशा।स्वागत महाकुल (26 वर्ष), निवासी डिमरीपाली, थाना बाउसुनी, जिला बौध, ओडिशा।मनतोष पौड (28 वर्ष), निवासी सोभापावली, थाना मनोमुण्डा, जिला बौध, ओडिशा।रविन्द्र बस्तिया (26 वर्ष), निवासी गोपालपुर, थाना मनोमुण्डा, जिला बौध, ओडिशा।
आगे और पीछे के संपर्कों की तलाश में पुलिस
मामले में सिंघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों और तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की जांच में इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।महासमुंद पुलिस के अनुसार, सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और विभिन्न टीमों के समन्वय से यह सफलता मिली है। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

