छत्तीसगढ़

उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा: दुर्गम पहाड़ी रास्ते से शव निकालने में जुटीं रेस्क्यू टीमें

-आसिफ़ अली

उत्तराखंड के चमोली ज़िले में जोशीमठ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए छह लोगों के शव निकालकर उन्हें जोशीमठ ले जाने का रेस्क्यू अभियान जारी है.

दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण बचाव दलों को पैदल चढ़ाई करके वहां पहुंचना पड़ा है.

दरअसल, चमोली ज़िले में शुक्रवार को बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इसमें सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई थी.

चमोली के ज़िलाधिकारी गौरव कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, बचाव अभियान के तहत सभी शवों को निकाल लिया गया है. अब प्रशासन की कोशिश है कि सभी शव शनिवार शाम तक सुरक्षित जोशीमठ पहुंचा दिए जाएं, जहां शवों की शिनाख़्त से जुड़ी कार्रवाई होगी.

ज़िला प्रशासन के अनुसार, भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और प्रशासन की टीमें पांडुकेश्वर की ओर से पहाड़ी रास्ते पर पैदल चढ़ाई करके घटनास्थल तक पहुंच चुकी हैं.

टीमें शवों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं.

डीएम गौरव कुमार ने बताया कि बचाव अभियान के लिए चाई गांव के आसपास एक वैकल्पिक पैदल रास्ता भी तलाशा जा रहा है, ताकि शवों और हेलीकॉप्टर के अवशेषों को सुरक्षित जोशीमठ लाया जा सके.

उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच रेस्क्यू अभियान में लगे जवानों और कर्मचारियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है.

ज़िला प्रशासन सभी एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और अभियान की निगरानी कर रहा है.

ग़ौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हुई थी.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button