दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पर तीन भारतीय यात्रियों से 10 मिलिट्री-ग्रेड ड्रोन जब्त, कीमत 1.03 करोड़ रुपये से अधिक

नई दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कस्टम अधिकारियों ने तीन भारतीय यात्रियों के सामान से 10 पेशेवर ग्रेड के ड्रोन जब्त किए हैं। ये ड्रोन थर्मल इमेजिंग और लेजर रेंज फाइंडर से लैस हैं। चार्टर्ड इंजीनियर की जांच में इन्हें मिलिट्री या डिफेंस ग्रेड यूएवी बताया गया है।
ये यात्री 25 सितंबर 2026 को हांगकांग से वियतनाम होते हुए दिल्ली पहुंचे थे। कस्टम अधिकारियों द्वारा विकसित खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें ग्रीन चैनल पार करते समय रोका गया। सामान की विस्तृत जांच में 10 ऑटेल रोबोटिक्स एमडीएक्स-1 ड्रोन के साथ कंट्रोलर, कैमरा लगे गिंबल, केबल, प्रोपेलर और जॉयस्टिक समेत पूरा सामान मिला। साथ ही एक आईफोन 18 प्रो मैक्स भी बरामद हुआ।
चार्टर्ड इंजीनियर के आकलन के अनुसार इन ड्रोनों की कुल बाजार कीमत 1,03,55,900 रुपये है। प्रत्येक ड्रोन के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के पास पंजीकरण अनिवार्य है। यात्रियों ने पूछताछ में बताया कि ये ड्रोन हांगकांग से एक दोस्त के लिए बिना घोषणा किए लाए गए थे।
तीनों यात्रियों को हिरासत में लिया गया है और सामान को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110(1) के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले की आगे जांच चल रही है।



