केशकाल में 35 करोड़ की लागत से बना 132 केवी बिजली उपकेंद्र, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण; 185 गांवों को मिलेगा लाभ
कोंडागांव, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पंचायत जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से केशकाल क्षेत्र के 185 गांवों के करीब 52 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
यह उपकेंद्र छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की पूंजी निवेश योजना के तहत तैयार किया गया है। क्षेत्र में बढ़ती आबादी, कृषि गतिविधियों और विकास कार्यों के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ रही थी। कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई थी।
चट्टानों और भारी बारिश के बीच पूरा हुआ निर्माण कार्य
उपकेंद्र का निर्माण आसान नहीं था। निर्माण स्थल पर बड़ी-बड़ी चट्टानें मिलने के कारण काम में काफी परेशानी आई। प्रशासन के सहयोग से रासायनिक विस्फोटकों और भारी मशीनों की मदद से चट्टानों को हटाया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन संकट और भारी बारिश ने भी निर्माण कार्य की गति प्रभावित की।
ट्रांसफार्मर की आपूर्ति में देरी होने पर कंपनी ने दूसरे उपकेंद्र के लिए स्वीकृत ट्रांसफार्मर को यहां स्थापित कर परियोजना को समय पर पूरा करने की दिशा में कदम उठाया। वहीं, 132 केवी लाइन और 132 केवी कोंडागांव-कांकेर लाइन को लीलो (लाइन इन लाइन आउट) कर 0.3 किलोमीटर मल्टी सर्किट लाइन तैयार की गई। इस कार्य को महज डेढ़ महीने में पूरा किया गया।
वनभूमि डायवर्जन की अनुमति के बाद भारत सरकार से दिसंबर 2024 में निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इसके बाद 17 अप्रैल 2025 को भूमिपूजन किया गया। 13 नवंबर 2026 को कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में उपकेंद्र का सफल परीक्षण कर उसे ऊर्जीकृत किया गया।
इन क्षेत्रों के 52 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
इस उपकेंद्र से केशकाल, बटराली, विश्रामपुरी, बांसकोट, अडेंगा, बड़ेराजपुर, गरका और धनोरा सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। यहां से विभिन्न 33 केवी उपकेंद्रों के माध्यम से 185 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाएगी। इससे कम वोल्टेज की समस्या में कमी आने के साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और स्थानीय व्यवसायों को बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के हितग्राहियों ने इस महत्वपूर्ण विद्युत अधोसंरचना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार जताया।



