पीटीआरआई भोपाल में यातायात रिफ्रेशर कोर्स संपन्न, जिला पुलिसकर्मियों को सड़क सुरक्षा और राहत योजनाओं का प्रशिक्षण

भोपाल। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटनाओं में मृत्यु दर घटाने तथा पीड़ितों को शासकीय योजनाओं के जरिए आर्थिक सहायता और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई), भोपाल में 29 और 30 सितंबर को दो दिवसीय “यातायात रिफ्रेशर कोर्स” का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार के निर्देश पर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में मध्य प्रदेश की विभिन्न जिला इकाइयों से निरीक्षक स्तर से आरक्षक स्तर तक के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऑफलाइन भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ पीटीआरआई के उप पुलिस महानिरीक्षक टी. के. विद्यार्थी ने किया।
उद्घाटन सत्र में टी. के. विद्यार्थी ने प्रदेश में वाहन दुर्घटनाओं के विश्लेषण, रोकथाम की कार्ययोजना और शासन द्वारा लागू योजनाओं पर जानकारी दी। इनमें हिट एंड रन योजना, राहवीर योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना शामिल रहीं। प्रशिक्षणार्थियों को इन योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी समझाई गई।
विशेषज्ञों ने दिए विषयवार सत्र
प्रशिक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, भोपाल देवेंद्र सिंह यादव ने वाहन पार्किंग के प्रकार, पार्किंग व्यवस्था और सड़क उपयोगकर्ताओं के व्यवहार पर व्याख्यान दिया। डॉ. आशीष शर्मा ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने संबंधी विषय पर जानकारी दी।
सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस. एस. लल्ली ने मोटर यान अधिनियम तथा केंद्रीय मोटर यान अधिनियम और नियमों पर सत्र लिया। यातायात पुलिस भोपाल के उपनिरीक्षक रविशंकर बट्टी ने यातायात प्रवर्तन की नई तकनीकों और आधुनिक उपकरणों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें पीओएस, आईटीएमएस, ई-चालान, इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड रडार गन और ब्रीथ एनालाइजर जैसे उपकरणों की जानकारी शामिल रही।
समापन पर प्रमाण-पत्र वितरित
प्रशिक्षण के दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक टी. के. विद्यार्थी, सहायक पुलिस महानिरीक्षक अभिजीत रंजन, राजेश कुमार मिश्र, मनोज कुमार शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक हिमांशु कार्तिकेय तथा प्रशिक्षण टीम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन सत्र में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को पीटीआरआई की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।



