स्मृति की बैठकों से संगठन का विश्वास मजबूत हुआ : किरण

कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप, संगठन की आगामी कार्ययोजना पर हुई चर्चा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। संगठन की दृष्टि से बैठकें बेहद अहम रहीं, जिनमें पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि स्मृति ईरानी और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने विभिन्न सत्रों में करीब 12 श्रेणियों की बैठकें लीं। इन बैठकों से संगठन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
मीडिया से चर्चा में किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास समय है, लेकिन वह कुछ करने के बजाय भ्रामक प्रचार करने वाली एजेंसी बन गई है। भाजपा की बैठकों को लेकर कांग्रेस काल्पनिक कहानियां गढ़कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जिनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संदर्भ में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उनके बयान से देश के लोग व्यथित हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान की समीक्षा भी की गई और आगामी कार्यक्रमों पर बिंदुवार चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन को और मजबूती से काम करना है।



