छत्तीसगढ़

सवा 2 करोड़ का गांजा जब्त, 7 बंदी

तीन नाबालिग भी शामिल

छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 5 नवंबर। बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 476.500 किलोग्राम गांजा के साथ सात आरोपियों को पकड़ा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पकड़े गए आरोपियों में चार वयस्कों के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। आरोपी ओडिशा से पिकअप में गांजा भरकर जगदलपुर की ओर ला रहे थे।
पुलिस के अनुसार 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 17 केएल 0411 में सवार कुछ लोग ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। वाहन में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर बिक्री के लिए लाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन एवं उप पुलिस अधीक्षक चंद्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की।

इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक पिकअप की पायलेटिंग करते हुए आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप भी पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पिकअप वाहन के डाले में रखी 15 बोरियों से कुल 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा छह पुराने मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान भगवान पांगी, घासी खिलो , चित्रसेन गल्लोरी और रोहणी गल्लोरी के रूप में हुई है। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए हैं। सभी आरोपी ग्राम कोंटामाड़ी, थाना कोरकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर भेजा गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button