बीडीएस की 13 सीटों के लिए एडमिशन काउंसलिंग 2 से

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 31अक्टूबर । नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के पिछले राउंड पूरे होने के बाद भी देशभर में एमबीबीएस की करीब 2,000 सीटें खाली रह गई हैं। छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस की सभी सीटें भर जाने की जानकारी दी गई है जबकि बीडीएस में स्टेट की 10 और आल इंडिया कोटे की 3 सीटें रिक्त हैं।
इन सीटों को भरने के लिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयोजित करने की घोषणा की है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने इस राउंड का पूरा कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इसके अनुसार, स्पेशल स्ट्रे राउंड के लिए पंजीकरण 2 नवंबर से शुरू होगा। अभ्यर्थी 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
इस राउंड के माध्यम से योग्य नीट यूजी अभ्यर्थियों को खाली रह गई एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश पाने का एक और अवसर मिलेगा। इसके साथ ही MCC ने BDS और B.Sc. नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए पांचवें और छठे राउंड का कार्यक्रम भी घोषित किया है।
इस राउंड की प्रक्रिया भी 2 नवंबर से शुरू होगी। पंजीकरण, शुल्क भुगतान और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया के लिए ऊपर दी गई तारीखें लागू होंगी। सीट आवंटन का परिणाम 7 नवंबर को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 16 नवंबर शाम 5 बजे तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की बची हुई सीटों के लिए MCC ने छठे राउंड की भी घोषणा की है। यह राउंड केवल इन दोनों पाठ्यक्रमों की सीटों के लिए आयोजित किया जाएगा।



