छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो महिला-बच्चे को टक्कर मार पलटी, युवक की मौत, एक जख्मी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

उदयपुर, 2 नवंबर। सरगुजा जिले के उदयपुर में रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला। एक ही वाहन से करीब आधे घंटे के भीतर दो सड़क हादसे हुए। पहले स्कॉर्पियो ने सेंट्रल बैंक मोड़ के पास स्कूटी सवार महिला और उसके बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। इसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ दूरी पर केदना रोड स्थित सानीबर्रा चौक से पहले मोड़ पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

एक नवंबर की रात करीब 8 बजे स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 डीई 3846 ने सेंट्रल बैंक मोड़ के पास स्कूटी सवार महिला और उसके बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। महिला के पैर में चोट आई, जबकि बच्चा भी घायल हुआ। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक रुकने के बजाय वाहन लेकर केदना रोड की ओर भाग निकला।

पहले हादसे के बाद तेज रफ्तार में भाग रही स्कॉर्पियो रात करीब 8.30 बजे सानीबर्रा चौक से पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में राहुल यादव और सनी यादव सहित अन्य लोग सवार थे। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर ले जाया गया, जहां राहुल यादव की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वाहन सवार युवकों के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

अन्नप्राशन का निमंत्रण देने निकले थे
बताया जा रहा है कि राहुल यादव पिता रागू नाथ यादव, अपने बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए 1 नवंबर को किराये पर स्कॉर्पियो लेकर निकले थे। उनके साथ दोस्त सनी यादव और घरभरन यादव भी थे। निमंत्रण देकर वापस लौटने के दौरान सानीबर्रा के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में बच्चों के संस्कार कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, वहां अब राहुल यादव की मौत से मातम पसरा हुआ है।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पहले स्कूटी सवार महिला और बच्चे को टक्कर मारने तथा बाद में वाहन पलटने की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button