अमित जोगी के घर पुलिस पहुंची, थाने आने का नोटिस

पीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त पर वीडियोपरएफआईआर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 4 नवंबर। पीएम नरेंद्र मोदी और सीईसी ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में जनता कांग्रेस के प्रमुख पूर्व विधायक अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा नेताओं की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में दर्ज एफआईआर के बादअमित जोगी के घर पुलिस पहुंची, नोटिस जारी कर एक दिन के भीतर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
सिविल लाइन पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत यह नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया कि मामले की जांच के दौरान तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी लेने के लिए अमित जोगी से पूछताछ किया जाना जरूरी है। उन्हें नोटिस प्राप्त होने के एक दिन के भीतर सिविल लाइन थाने में उपस्थित होने को कहा गया है।
सिविल लाइन थाने में बीएनएस की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रायपुर से रवाना होने के बाद भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर कार्रवाई की मांग कर दी।
गौरतलब है कि विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट हटा दी थी और लिखित में माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद भाजपा नेताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, और कार्रवाई के लिए दबाव बनाया है।



