बाहर जाने से रोका तो दादी की सिर कुचलकर हत्या

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 4 नवंबर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के लोहर्सी सतनामी पारा में बाहर जाने से रोकने पर एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की लकड़ी के सामान से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने दादी को मार डाला है।
पुलिस के मुताबिक मृतका नरबद बाई कोशले पति स्वर्गीय तिरिथ राम कोशले लोहर्सी में रहती थीं। 2 नवंबर की रात करीब 10.22 बजे उनके भाई भगवत महिलांग को भांजे साजन कोशले से फोन पर सूचना मिली। साजन ने बताया कि उसके बेटे मृत्युंजय कोशले उर्फ बब्बू ने फोन कर अपनी दादी की हत्या करने की बात कही है। आरोपी ने बताया कि दादी अक्सर उसे बाहर जाने से रोकती थीं। इसी बात से नाराज होकर उसने उनके सिर पर लकड़ी के सामान से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही भगवत महिलांग पड़ोसियों सुनील बंजारे और सुखसागर भारद्वाज के साथ साजन के घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। पीछे की खिड़की से देखने पर नरबद बाई पलंग पर औंधे मुंह पड़ी दिखाई दीं। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवाज देने पर दरवाजा खुलवाया। अंदर नरबद बाई का शव मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट थी और खून बह रहा था।
थाना प्रभारी कमला पुसाम के अनुसार वारदात के बाद आरोपी खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पचपेड़ी पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। मामले की आगे जांच की जा रही है।



