देश

अमित शाह ने लॉन्च किया नया प्रत्यर्पण पोर्टल, 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 288 भगोड़े भारत लाए गए

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को नई दिल्ली में ‘प्रहार-आतंकवाद रोधी नीति और रणनीति’ सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए विदेश से भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया को तेज और समन्वित बनाने के लिए नया प्रत्यर्पण पोर्टल लॉन्च किया।

शाह ने बताया कि 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 288 भगोड़े अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि नया पोर्टल गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, सीबीआई और राज्य एजेंसियों को एक मंच पर लाएगा, जिससे विदेश में हिरासत में लिए गए भगोड़ों के प्रत्यर्पण अनुरोध में तेजी आएगी।

गृह मंत्री ने राज्य पुलिस बलों से कहा कि वे विदेश से भगोड़ों को वापस लाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने वाली विशेष टीमें गठित करें। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए प्रहार रणनीति को थाना स्तर तक लागू करने और स्वचालित प्रतिक्रिया तंत्र बनाने पर जोर दिया।

शाह ने एजेंसियों के बेहतर समन्वय का उदाहरण देते हुए कहा कि सीमापार हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े शहजाद भट्टी नेटवर्क के 40 से अधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया। 15 राज्यों में 100 से अधिक मामले दर्ज कर 350 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सरकार ने इस नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है।

सम्मेलन में गृह सचिव, विदेश सचिव, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख, 15 राज्यों के पुलिस महानिदेशक तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एटीएस प्रमुख शामिल हुए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button