राजस्थान: बीजेपी प्रत्याशी की हार के बाद गांवों से स्ट्रीट लाइटें हटाने पर विवाद

-मोहर सिंह मीणा
राजस्थान के टोंक ज़िले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर दो से सदस्य पद के लिए बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान कुछ गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगवाईं.
लेकिन, बीते शुक्रवार को चुनाव नतीजों में उनकी हार के बाद लाइटें उतरवाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई.
लाइटें उतरवाने के वीडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहे हैं.
बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, ये लाइटें न मैंने लगवाई हैं और न ही मैंने हटवाई हैं. ये लाइटें मेरे साथ प्रचार कर रहे बीजेपी समर्थक भामाशाहों ने दी थीं. ग्रामीणों ने ख़ुद इन्हें लगवाया था. जानकारी मिल रही है कि बिजली विभाग लाइटें उतरवा रहा है.
एक स्थानीय शख़्स ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी से कहा, प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान ख़ुद ही ये लाइटें लगवाई थीं. नतीजों में उनकी हार के कुछ ही घंटे बाद बिजली विभाग की गाड़ी आई और लाइटें उतारकर ले गई. हमने विरोध भी किया, लेकिन उन्होंने हमारी कोई बात नहीं सुनी.
प्रियंका शर्मा के पति आलोक मिश्रा राज्य सरकार के शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं. हालांकि वह निवाई से बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा के पीए के तौर पर भी काम करते हैं.
आलोक मिश्रा ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, सरकारी सेवा में होने के कारण मैं उनके प्रचार में नहीं गया था. कुछ भामाशाहों ने ही ये लाइटें लगवाई थीं.
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता कई साल से बीजेपी संगठन से जुड़े हुए हैं, इसलिए वह कई बार स्थानीय विधायक के कार्यालय का काम देखते हैं.
बीबीसी ने बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा से पूछा कि क्या उनके पीए आलोक मिश्रा की पत्नी प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान लाइटें लगवाई थीं और हारने के बाद उन्हें उतरवा लिया?
इस पर विधायक ने फ़ोन पर बताया, बगड़ी, रानौली समेत चार से पांच गांवों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने लाइटें लगवाई थीं. हमने उन्हें कहा भी था कि अगर आप अभी लाइटें लगवाएंगे तो बिजली का बिल भी आपको भरना होगा.
विधायक ने आगे बताया, मेरे पास बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का फ़ोन आया था कि इन लाइटों का बिजली बिल कौन भरेगा? इनका कनेक्शन किसी ने नहीं लिया है. इस पर मैंने उनसे कहा कि प्रत्याशियों से बात करो, लेकिन प्रत्याशियों ने मना कर दिया.
रामसहाय वर्मा ने कहा, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने मुझे बताया कि प्रत्याशियों ने मना कर दिया है, तो मैंने कहा कि लाइटें हटा दो.
इस मामले में पीपलू इलाके के एईएन गोवर्धन से फ़ोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन ख़बर लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका. उनका पक्ष मिलने पर ख़बर में जोड़ा जाएगा.(bbc.com/hindi)



