राजस्थानः पंचायती राज चुनाव में बीजेपी के दिग्गज नेताओं के क्षेत्रों में कांग्रेस ने दर्ज की जीत

-मोहर सिंह मीणा
राजस्थान में हुए ज़िला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के परिणाम शुक्रवार को जारी हुए हैं.
41 ज़िला परिषदों में से 37 के नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी को शिकस्त दी है.
चार ज़िला परिषदों के चुनावों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी.
चुनावी परिणाम के बाद कांग्रेस इसे 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता की पसंद बता रही है.
वहीं, बीजेपी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए हार के कारणों पर मंथन करने की बात कही है.
ख़ास बात यह है कि बीजेपी के दिग्गज नेताओं के क्षेत्रों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है.
राज्य में तीन साल से बीजेपी की सरकार होने के बाद इन नतीजों ने पार्टी को मंथन करने पर मजबूर ज़रूर कर दिया है.
राज्य में के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह ज़िले भरतपुर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है.
वहीं, सीएम के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है.
बीजेपी के कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी, बेटों समेत परिवार के चार सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा है.
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विधानसभा क्षेत्र की लोहावट पंचायत समिति में बीजेपी का एक भी प्रत्याशी नहीं जीता है.
कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के विधानसभा क्षेत्र सवाई माधोपुर में 23 वार्डों में से बीजेपी सिर्फ़ छह पर जीत दर्ज कर सकी है.
मंत्री बाबू लाल खराड़ी के क्षेत्र में 15 में से बीजेपी पांच वार्ड जीत सकी है. कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विधानसभा क्षेत्र में 15 में से बीजेपी को सिर्फ़ एक वार्ड में जीत मिली है.
परिणामों पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धन्यवाद देते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है.
उन्होंने बीजेपी को घेरते हुए कहा, ये जवाब बीजेपी की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है, सीधे डबल इंजन को.
उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं है, देश के हर गांव की आवाज़ है.(bbc.com/hindi)



