अग्निवीर योजना को लेकर अखिलेश यादव ने दिया ये बयान

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी को जब भी मौका मिलेगा, वह अग्निवीर जैसी योजनाओं को हमेशा के लिए ख़त्म कर देगी.
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के उन प्रशासनिक अधिकारियों के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग को पत्र लिखेगी, जो उनके आरोप के मुताबिक़ लगातार सत्ताधारी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि इस पत्र पर पार्टी के विधायकों और सांसदों के हस्ताक्षर भी होंगे.
पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि समाजवादियों को जब भी मौका मिलेगा, वे अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए ख़त्म कर देंगे.
ग़ौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निपथ योजना में बदलाव किया था.
इसके तहत चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद 25 फ़ीसदी अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा.
वहीं, बाकी 75 फ़ीसदी अग्निवीरों को अपनी इच्छा से दो साल और सेवा करने का विकल्प दिया गया है.
चुनाव आयोग को अफ़सरों की शिकायत भेजेंगे
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता चुनाव की तारीख़ों के एलान का इंतज़ार कर रही है.
उन्होंने कहा, बीजेपी के लोग सरकार में बैठे हैं और तैयारी कर रहे हैं. उन्हें पता है कि इस बार जनता उन्हें हरा देगी. सच यह है कि जिस दिन चुनाव की तारीख़ का एलान होगा, उसी दिन बीजेपी हार जाएगी. जनता बस उस तारीख़ का इंतज़ार कर रही है.
अखिलेश यादव ने बताया कि उनकी पार्टी ने चुनाव आयोग को शिकायत भेजने के लिए विधायकों और सांसदों के हस्ताक्षर जुटा लिए हैं.
उन्होंने कहा, हमारे सभी विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर हमारे पास हैं. इन सभी जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर के साथ, एक उदाहरण देते हुए हम चुनाव आयोग को उन अधिकारियों के बारे में पत्र लिखेंगे, जो पिछले दस साल से लगातार भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं.(bbc.com/hindi)



