छत्तीसगढ़

बिलासपुर में कैट की नियमित सुनवाई का रास्ता साफ करने हाईकोर्ट ने दिया वर्चुअल पेशी का दिया सुझाव

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) की स्थायी पीठ की मांग के बीच हाईकोर्ट ने बिलासपुर में नियमित न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि सर्किट बेंच की भौतिक मौजूदगी हो या नहीं, मामलों की फाइलिंग की सुविधा प्रत्येक कार्यदिवस उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही, जिन दिनों बिलासपुर में पीठ नहीं बैठे, उन दिनों वकीलों और पक्षकारों को जबलपुर बेंच के समक्ष वर्चुअल पेशी का विकल्प दिया जाए।

मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की खंडपीठ ने छत्तीसगढ़ सीनियर लॉयर फोरम, बिलासपुर की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह सुझाव दिया। केंद्र सरकार ने बताया कि जबलपुर स्थित कैट की बिलासपुर सर्किट बेंच 5 जनवरी 2027 से प्रत्येक दो महीने में पांच दिन संचालित होगी। हालांकि, इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी का शपथपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।

केंद्र सरकार ने बताया कि बिलासपुर सर्किट बेंच में मामलों की फाइलिंग को लेकर फिलहाल स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं हैं। इस पर हाईकोर्ट ने हर कार्यदिवस फाइलिंग और ऑनलाइन पेशी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

केंद्र सरकार ने विस्तृत जानकारी जुटाकर शपथपत्र पेश करने के लिए 10 दिन का समय मांगा। वहीं, राज्य सरकार को भी अगली सुनवाई तक शपथपत्र देने का निर्देश दिया गया है। इसमें बिलासपुर में सर्किट बेंच के संचालन के लिए उपलब्ध स्थान और जरूरी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी देनी होगी। मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button