छत्तीसगढ़

बड़ी रकम की लालच में वृद्धा की गला घोंटकर हत्या, पड़ोसी दंपती समेत तीन गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 23 नवंबर। कोरबा जिले के कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र के लाद गांव में 70 वर्षीय भगमतिया बाई की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने पड़ोसी दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने संदूक में बड़ी रकम होने की उम्मीद में वारदात की साजिश रची थी। बुजुर्ग महिला के जागने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से गला घोंट दिया गया। हालांकि, संदूक में सिर्फ 2 हजार रुपये मिले, जिन्हें तीनों ने आपस में बांट लिया।

भगमतिया बाई परिवार से अलग रहती थी। वह महुआ शराब बेचने के साथ मवेशी भी पालती थी। शुक्रवार को जब वह घर से बाहर नहीं निकली तो उसकी बहू कुसुमकली उसे देखने पहुंची। घर के भीतर महिला का शव मिलने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि इंद्रपाल नाम का व्यक्ति भगमतिया बाई के मवेशियों को चराने ले जाता था। घटना से एक दिन पहले वह मजदूरी के पैसे लेने पहुंचा था। इस दौरान भगमतिया बाई ने संदूक से 500 रुपये निकालकर उसे दिए। संदूक में और भी पैसे देखकर इंद्रपाल के मन में लालच आ गया।

इसके बाद उसने अपनी पत्नी राजकुमारी और परिचित देवकुमार के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक तीनों रात में भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देवकुमार बाहर निगरानी करने लगा, जबकि इंद्रपाल और राजकुमारी घर के भीतर दाखिल हुए। आहट से महिला की नींद खुल गई तो दोनों ने उसे पकड़ लिया। इंद्रपाल ने उसके हाथ और राजकुमारी ने पैर दबाए। इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से गला घोंट दिया।

आरोपियों को संदूक से केवल 2 हजार रुपये मिले। वारदात के बाद तीनों मौके पर ही बने रहे और अनजान होने का नाटक करते रहे।

पुलिस ने शुरुआती संदेह के आधार पर बहू कुसुमकली सहित पड़ोसी इंद्रपाल अग्रिया (43), उसकी पत्नी राजकुमारी (33) और परिचित देवकुमार मरकाम (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में कुसुमकली की संलिप्तता नहीं मिली, जबकि इंद्रपाल, राजकुमारी और देवकुमार की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button