छत्तीसगढ़

फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र से नौकरी पाने वालों की बढ़ेगी मुश्किल, मेडिकल बोर्ड के सामने होना होगा पेश

हाईकोर्ट ने 19 याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिया निर्देश

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 28 नवंबर। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामलों में मेडिकल जांच की प्रक्रिया तेज होने जा रही है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने संबंधित 19 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए निर्देश दिया है कि जिन याचिकाकर्ताओं की दिव्यांगता का परीक्षण अब तक नहीं हुआ है, वे 6 जनवरी 2027 को रायपुर स्थित राज्य मेडिकल बोर्ड के सामने उपस्थित हों।

इसके लिए संबंधित लोगों को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा।

प्रदेश में दिव्यांगता प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी पाने वाले कुल 186 कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इन प्रमाणपत्रों के सत्यापन की रणनीति अगस्त में स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयार की गई थी।

तय किया गया था कि सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य मेडिकल बोर्ड या संभागीय मेडिकल बोर्ड से प्रमाणपत्रों का परीक्षण कराया जाएगा।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने कोर्ट को बताया कि मेडिकल बोर्ड की नियमित बैठकें नहीं हो रही हैं। जांच की तारीख, स्थान और संबंधित अधिकारियों की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अब लंबित मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button