घर में घुसकर मोबाइल छीना, फर्जी यूपीआई बनाकर खाते से उड़ाए लाखों रुपये

सकरी पुलिस ने गनियारी के तीन युवकों को पकड़ा, मोबाइल और लेनदेन की पूरी रकम बरामद
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 28 नवंबर। घर में घुसकर मोबाइल छीनने और सिम कार्ड के जरिए बैंक खाते से रकम निकालने वाले तीन आरोपियों को सकरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने मोबाइल में लगी सिम दूसरे फोन में डालकर फर्जी यूपीआई कोड बनाया और बैंक खाते से अवैध लेनदेन किया था। पुलिस ने छीना गया मोबाइल, क्षतिग्रस्त सिम कार्ड और लेनदेन की पूरी रकम बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना 25 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे की है। शिकायतकर्ता के जीजा अपने कमरे में मोबाइल चला रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
आरोपी ने मोबाइल में लगी सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली और उससे फर्जी UPI कोड तैयार कर बैंक खाते से रकम निकाल ली।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। वह शिकायतकर्ता के घर अक्सर आता-जाता था और उसे जानकारी थी कि बैंक खाते में करीब 4 से 5 लाख रुपये जमा हैं।
पूछताछ में पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस ने विक्की वर्मा (34), बलराम वर्मा (23) और संदीप वर्मा (32), तीनों निवासी गनियारी, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 304(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



