अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज के खिलाफ बने सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

इंदौर, 11 अक्टूबर । भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है।
अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से खेलते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक ने तीसरे टी20 में अपना अर्धशतक महज 18 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही बाएं हाथ के बल्लेबाज ने विराट कोहली और संजू सैमसन को इस मामले में पीछे छोड़ा। कोहली ने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। वहीं, सैमसन ने इसी सीरीज के दूसरे टी20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 21 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
अभिषेक ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। डेविड वॉर्नर और कॉलिन मुनरो ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 गेंदों में फिफ्टी लगाई है। कैरेबियाई टीम के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड क्विंटन डिकॉक के नाम है, जिन्होंने 2023 में महज 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
अभिषेक ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2 हजार रन भी पूरे किए। वह गेंदों के लिहाज से इस फॉर्मेट में सबसे तेज 2 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने यह मुकाम सिर्फ 1024 गेंदें खेलकर हासिल किया। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
पिछले मैच में 82 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले संजू सैमसन इस मुकाबले में महज 3 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन को शेमार जोसेफ ने पवेलियन भेजा। हालांकि, पहला विकेट जल्दी गिरने का असर अभिषेक की बल्लेबाजी पर बिल्कुल नहीं पड़ा। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में रन बटोरे और कैरेबियाई गेंदबाजों पर पूरी तरह से हावी नजर आए। अभिषेक की बल्लेबाजी के चलते टीम इंडिया ने छह ओवर के पावरप्ले में 87 रन बनाने में सफल रही।(आईएएनएस)


