छुईहा में 75.23 लाख से बना हाई स्कूल भवन, अब गांव में ही पढ़ाई का मिलेगा बेहतर अवसर।
विकास नंद/ सर्वव्यापी
ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम छुईहा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। यहां 75.23 लाख रुपये की लागत से शासकीय हाई स्कूल भवन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। नए भवन के तैयार होने से गांव के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे बच्चों की आगे की पढ़ाई आसान होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, ग्राम छुईहा में शासकीय हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य 3 नवंबर 2025 को प्रारंभ हुआ था, जिसे 1 सितंबर 2026 को पूर्ण कर लिया गया। इस भवन के निर्माण पर कुल 75.23 लाख रुपये की लागत आई है।
दूरस्थ गांवों तक जाने की मजबूरी होगी कम
ग्राम छुईहा में हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए भुरकोनी सहित अन्य गांवों के विद्यालयों में जाना पड़ता था। इससे उन्हें प्रतिदिन आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेषकर दूरस्थ विद्यालयों तक पहुंचने में लगने वाला समय और दूरी विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए चुनौती बनते थे।अब गांव में हाई स्कूल भवन का निर्माण पूरा होने से स्थानीय स्तर पर शिक्षा की सुविधा विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्राम छुईहा के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में ही हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इससे अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा को लेकर सुविधा होगी। ग्रामीणों ने इस पहल को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और गांव में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सार्थक कदम बताते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।नए शाला भवन के निर्माण से ग्राम छुईहा में शिक्षा के बेहतर अवसर विकसित होने की उम्मीद है। अब स्थानीय स्तर पर हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आधार तैयार हो गया है, जिससे ग्रामीण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
