बेंगलुर: होटल के स्वीमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत

-इमरान क़ुरैशी
बेंगलुरु में एक फाइव स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. मरने वालों में एक जर्मनी और एक स्लोवाकिया का नागरिक है.
वहीं, दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लुफ्थांसा में काम करने वाले 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और आईबीएम में काम करने वाले 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है.
यह घटना बेंगलुरु के पूर्वी इलाके में स्थित होटल में हुई. मृतकों में से एक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार शाम एक फ़ाइव स्टार होटल के छत पर बने स्विमिंग पूल में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई.
उन्होंने कहा, शुरुआती आशंका है कि बिजली के तारों से करंट लीक होने की वजह से यह हादसा हुआ. ऐसा लग रहा है कि यह करंट लगने का मामला है. हालांकि, सभी मेडिकल और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि असल में क्या हुआ था.
पुलिस ने स्विमिंग पूल वाले इलाक़े को घेर लिया है. सिंह ने कहा, हम मामले की जांच कर रहे हैं. सभी तथ्य सामने आने के बाद हम आपको जानकारी देंगे.
पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, होटल के पूल अटेंडेंट 28 वर्षीय राहुल तिवारी और होटल में ठहरे अमेरिकी पर्यटक 41 वर्षीय मैथ्यू डेसेंटिस ने दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए स्विमिंग पूल में छलांग लगा दी थी.
इस कोशिश में दोनों घायल हो गए. हालांकि, वे दोनों को बचाने में नाकाम रहे.(bbc.com/hindi)



