भारत ने श्रीलंका को भेजीं करीब 3 टन एंटी-टीबी दवाएं

नई दिल्ली: भारत ने श्रीलंका की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार को करीब 3 टन एंटी-ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) दवाएं कोलंबो भेजी हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भारत श्रीलंका के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के समर्थन में प्रतिबद्ध है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत श्रीलंका की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। आज करीब 3 टन एंटी-टीबी दवाएं भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान से कोलंबो भेजी गईं।”
दवाओं की यह खेप भारतीय वायुसेना के सी-130जे सैन्य परिवहन विमान से पहुंचाई गई। यह कदम भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और श्रीलंका के स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे सहयोग का हिस्सा है।
भारत इससे पहले भी श्रीलंका में स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं में सहयोग कर चुका है। हाल ही में मन्नार के जिला सामान्य अस्पताल में दुर्घटना एवं आपातकालीन इकाई के निर्माण का शिलान्यास भारतीय सहायता से हुआ था।



