सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती, संभालेंगे ये ज़िम्मेदारी

पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के मुताबिक़, सऊदी अरब रवाना होने वाले पाकिस्तानी सैनिकों के लिए शनिवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा मुहम्मद आसिफ़ मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए.
बीबीसी उर्दू ने आईएसपीआर के हवाले से ख़बर दी है कि इस समारोह में पाकिस्तान में सऊदी अरब के राजदूत डॉक्टर राजेह अल-तमीमी अल-बग़ामी, चीफ़ ऑफ़ जनरल स्टाफ़ लेफ़्टिनेंट जनरल उमर अहमद बुख़ारी और लाहौर कोर के कमांडर लेफ़्टिनेंट जनरल मुहम्मद उमर बशीर भी मौजूद थे.
बयान में कहा गया है, सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी और भाईचारे के रिश्तों का हिस्सा है. यह सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दिखाता है.
आईएसपीआर के मुताबिक, पाकिस्तान हरमैन शरीफ़ैन की पवित्रता और सऊदी अरब की सुरक्षा की रक्षा के अपने संकल्प पर क़ायम है.
बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सैनिक सऊदी अरब की ज़मीन पर तय ज़िम्मेदारियां निभाएंगे. वे यह काम दोनों देशों की आपसी सहमति और मौजूदा रक्षा सहयोग के ढांचे के तहत करेंगे.
आईएसपीआर के मुताबिक, इस तैनाती से क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों के बीच सऊदी अरब की रक्षा क्षमताओं को और मज़बूत करने में मदद मिलेगी.
बयान में आगे कहा गया है कि यह समारोह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भाईचारे, आपसी भरोसे और रणनीतिक सहयोग को दर्शाता है. यह सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को भी दोहराता है.(bbc.com/hindi)



