बीजेपी ने लगाए ‘रिजीम चेंज’ की साजिश के आरोप, कांग्रेस ने कहा- चुनावों के जरिए करेंगे

-आदर्श शर्मा
केंद्रीय रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल, चुनाव आयोग के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शनों का इस्तेमाल राजनीतिक अशांति फैलाने के लिए कर रहे हैं. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में रिजीम चेंज करना चाहती हैं यानी शासन बदलना चाहती हैं.
राजनाथ सिंह ने कहा, रिजीम चेंज जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार, एसआईआर, ज्ञानेश कुमार या देश के नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नहीं है बल्कि देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी यह साजिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है.
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष का उद्देश्य चुनाव के जरिए सरकार को बदलना है. उन्होंने कहा, हर बार जब कोई विपक्ष सड़क पर आता है, कोई आंदोलन होता है तो शासन बदलता है. भारत जैसे किसी लोकतंत्र में शासन कैसे बदलता है- चुनाव के जरिए. उन्होंने कहा कि चुनाव के जरिए शासन बदलना ही विपक्ष का मकसद होता है.(dw.com/hi)



