किरंदुल में 70 प्लस बुजुर्गों के लिए वय वंदना कार्ड बनाने का अभियान तेज, वार्ड-वार्ड पहुंच रही स्वास्थ्य टीम
किरंदुल : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत किरंदुल नगर के सभी वार्डों में 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के वय वंदना कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर जाकर बुजुर्गों का पंजीयन किया जा रहा है। इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरंदुल के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आरएचओ राम मूडमी, मितानिन प्रतिमा भट्टाचार्य, आशा मिस्त्री सहित समस्त मितानिनों की विशेष भागीदारी रही।
इस संबंध में जानकारी देते हुए दंतेवाड़ा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि अक्टूबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी आय वर्ग का हो, सालाना 5 लाख रुपये तक का कैशलेस मुफ्त इलाज सरकारी एवं चिन्हांकित निजी अस्पतालों में मिलेगा। कार्ड बनाने के लिए केवल आधार कार्ड की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र में इलाज का खर्च बुजुर्गों के लिए बड़ी चिंता होती है, ऐसे में वय वंदना कार्ड उनके लिए सुरक्षा कवच साबित होगा। सभी पात्र बुजुर्गों से अपील है कि अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मितानिन से संपर्क कर अपना कार्ड अवश्य बनवाएं।

