छत्तीसगढ़ ने सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तराखंड को 12-1 से रौंदा

झांसी, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ ने मंगलवार को यहां हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के चौथे दिन डिवीजन बी के मुकाबले में उत्तराखंड को 12-1 से करारी शिकस्त दी जबकि ओडिशा ने असम को 10-1 से हराया।
छत्तीसगढ़ के कप्तान संदीप कुमार ने चार गोल (नौवें, 17वें, 32वें और 55वें मिनट) दागे जबकि सोनू निषाद ने हैट्रिक (छठे, 29वें और 35वें मिनट) लगाई।
तरुण यादव ने 15वें और 54वें मिनट में दो गोल किए। शैलेंद्र वर्मा (37वें मिनट), शादाब अहमद खान (40वें मिनट) और अर्जुन यादव (41वें मिनट) ने भी गोल दागे।
पूल ए के इस मुकाबले में उत्तराखंड की ओर से प्रियंशु ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का एकमात्र गोल किया।
ओडिशा की ओर से अनमोल एक्का ने 39वें, 43वें और 51वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके हैट्रिक लगाई। ऋतिक लाकड़ा (13वें और 20वें मिनट) और दीपक मिंज (नौवें और 58वें मिनट) ने दो-दो गोल किए जबकि प्रसाद कुजूर (27वें मिनट), अजय एक्का (37वें मिनट) और सुदीप चिरमाको (42वें मिनट) ने एक-एक गोल दागा।
अन्य मुकाबलों में दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव ने तेलंगाना को 2-0 से हराया जबकि गोवा को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 3-4 से हार का सामना करना पड़ा।
डिवीजन सी में राजस्थान ने आंध्र प्रदेश को 5-3 से हराया जबकि बिहार ने गुजरात को 7-2 से करारी शिकस्त दी।(भाषा)

