देश

खैरथल में सीएम भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर हमला, 117 करोड़ के 95 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को खैरथल में कांग्रेस पर चुनावी हार, ईवीएम, संवैधानिक संस्थाओं, नौकरियों, सहकारिता, स्कूटी-ड्रेस और राजस्थान-हरियाणा समझौते जैसे कई मुद्दों पर हमला बोला। इससे पहले उन्होंने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्रों के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम खैरथल के होटल ग्रीनलैंड में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री बनने के बाद खैरथल-तिजारा क्षेत्र में यह उनका तीसरा दौरा बताया गया। नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद खैरथल में यह उनका पहला दौरा था।

ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर तंज

सभा को संबोधित करते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने जनता से जुड़कर काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम करती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कांग्रेस के लोग सेना, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाते हैं तथा जहां चुनाव हारते हैं, वहां ईवीएम को दोष देते हैं।

नौकरियों के आंकड़े और गणित वाला तंज

नौकरियों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में जब सरकार ने राजस्थान के चार लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कही थी, तब कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि यह कैसे होगा।

भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि अब तक 1.89 लाख नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, 1.22 लाख पदों के पेपर हो चुके हैं और 1.25 लाख की वैकेंसी निकाली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा, “अगर इनका गणित कमजोर हो तो ट्यूशन लगा लें।”

स्कूटी, ड्रेस और सीधे खाते में भुगतान

बच्चों की ड्रेस और छात्राओं की स्कूटी को लेकर भी मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बहनों को स्कूटी और बच्चों को ड्रेस दे रही है, जबकि कांग्रेस के समय ड्रेस और स्कूटी में भी “कांटा” लगाया जाता था। उनके अनुसार, पहले यह तय किया जाता था कि सामान कहां से खरीदना है और कहां से नहीं। सरकार अब स्कूटी और ड्रेस का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में डाल रही है।

सहकारिता पर आरोप

भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सहकारिता को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। उनके मुताबिक पहले सदस्यता के लिए पोर्टल सीमित समय के लिए खोला जाता था और अपने लोगों को सदस्य बनाया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सहकारिता की सदस्यता खोल दी है और हर ग्राम पंचायत में समिति बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब तक राजस्थान में करीब 10 लाख लोग सहकारिता के सदस्य बन चुके हैं।

हरियाणा समझौते और कांग्रेस नेताओं पर सवाल

हरियाणा से हुए समझौते को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में राजस्थान-हरियाणा समझौता रद्द करने की बात कही थी। भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा में उस घोषणा पत्र को लॉन्च किया था। उन्होंने सवाल किया कि अब कांग्रेस राजस्थान की जनता से किस मुंह से वोट मांग रही है।

भूपेंद्र यादव का बयान

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस भाजपा की जीत को लेकर सवाल उठा रही थी, लेकिन अलवर के भिवाड़ी, किशनगढ़बास, गोविंदगढ़ और खेड़ली में उसे उम्मीदवार तक नहीं मिले। यादव के अनुसार इन जगहों पर भाजपा के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। उन्होंने सहकारिता बैंक के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

117 करोड़ के 95 कार्य

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। खैरथल में ईआरसीपी के तहत नीमराणा बांध के काम की शुरुआत, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण और जिला मुख्यालय पर पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद सहित कई घोषणाएं की गईं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button