छत्तीसगढ़

डेमोक्रेट्स ने ट्रंप की रिपब्लिकन को दी करारी शिकस्त, सीनेट पर जमाया कब्जा

(सागर कुलकर्णी/विजय जोशी)

वाशिंगटन, 4 नवंबर। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका देते हुए देश के मतदाताओं ने मंगलवार को हुए बहुचर्चित मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद के उच्च सदन सीनेट का नियंत्रण सौंप दिया और डेमोक्रेट ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की।

इन नतीजों का असर न केवल अमेरिका, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है।

रिपब्लिकन पार्टी को अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, जॉर्जिया और आयोवा जैसे राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां उसने डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों गवर्नर के पद गंवा दिए। इसके अलावा टेक्सास, मेन, साउथ कैरोलिना, नॉर्थ कैरोलिना, कंसास और आयोवा में सीनेट की सीट पर भी पार्टी को झटका लगा। ट्रंप ने इन राज्यों के मतदाताओं से यह कहते हुए मतदान की अपील की थी कि मानो वह खुद चुनावी मैदान में हैं।

रिपब्लिकन पार्टी की इस बड़ी हार की मुख्य वजह ट्रंप की नीतियों के प्रति लोगों में व्याप्त असंतोष को माना जा रहा है। खासकर ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके कारण जीवन-यापन की लागत और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है।

मतदान केंद्रों पर पीटीआई-भाषा से बातचीत में कई मतदाताओं ने ट्रंप के बयानों, बड़े-बड़े दावों और उनकी कार्यशैली से पैदा हुई नाराजगी को रिपब्लिकन पार्टी के प्रति मोहभंग का मुख्य कारण बताया।

परंपरागत रूप से रिपब्लिकन समर्थक राज्य जॉर्जिया के एक डेमोक्रेट समर्थक ने कहा, ट्रंप नाकाम रहे हैं। मैं नहीं चाहता कि वे मेरे बच्चों के आदर्श बनें। वे जितनी जल्दी पद छोड़ें, उतना ही अच्छा होगा।

ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में ट्रंप के पसंदीदा भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को कड़े मुकाबले और पार्टी में अंदरूनी कलह के बीच डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन से हार का सामना करना पड़ा।

प्रतिनिधि सभा में भी रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत गंवाती दिखी।

रिपब्लिकन नेता क्रिस क्रिस्टी ने एबीसी न्यूज से कहा, ट्रंप का दौर समाप्त हो गया है।

राष्ट्रपति के कार्यकाल के मध्य में होने वाले इन चुनावों में हार के संकेत मिलने के बाद ट्रंप ने मीडिया को दिए साक्षात्कारों में हार स्वीकार की और कहा कि वह डेमोक्रेट के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने सीबीएस न्यूज से कहा, मैं डेमोक्रेट्स को बधाई देता हूं, और मैं अपने देश की भलाई के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की अपेक्षा रखता हूं।

मंगलवार रात चुनाव नतीजे आने के दौरान द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, मैं इन नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।

हालांकि, उनका यह बयान उनके सामान्य आक्रामक तेवरों से अलग, विनम्र और मेल-मिलाप वाला था लेकिन जल्द ही वह अपने पुराने अंदाज में लौट आए और हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना शुरू कर दिया।

ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह खुद का चुनावी मैदान में न होना बताया।

उन्होंने कहा कि उन्हें साउथ कैरोलिना की रिपब्लिकन सीनेटर डार्लिन ग्राहम और टेक्सास के रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन जैसे उम्मीदवारों का समर्थन करने का कोई अफसोस नहीं है।

केन पैक्सटन की जेम्स टेलरिको से हार के साथ ही टेक्सास लगभग 40 वर्षों में पहली बार किसी डेमोक्रेट को सीनेट में भेज रहा है। डार्लिन ग्राहम, ट्रंप के वफादार रहे दिवंगत लिंडसे ग्राहम की बहन हैं। इस वर्ष की शुरुआत में लिंडसे के निधन के बाद उन्हें उनका शेष कार्यकाल पूरा करने के लिए सीनेटर नियुक्त किया गया था।

निवर्तमान सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 और डेमोक्रेट के पास 47 सीट थीं। स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात डेढ़ बजे तक डेमोक्रेट 53 सीट जीतकर सीनेट पर नियंत्रण हासिल कर चुके हैं। वहीं, रिपब्लिकन की सीट घटकर 41 रह गई, जबकि छह सीट पर नतीजे आना बाकी हैं।

मौजूदा प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के 220 और डेमोक्रेटिक पार्टी के 215 सदस्य हैं। हालांकि, ताजा चुनाव नतीजों के बाद यहां भी सत्ता का समीकरण बदलता दिखाई दे रहा है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा, मैं चुनाव मैदान में नहीं था और अगर होता, तो हम भारी बहुमत से जीतते!

फेरबदल की सबसे पहले शुरुआत नॉर्थ कैरोलिना से हुई जब डेमोक्रेट रॉय कूपर ने रिपब्लिकन माइकल व्हैटली को हरा दिया।

जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स इतिहास रचते हुए राज्य की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनीं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रिक जैक्सन को हराया।

आयोवा में डेमोक्रेट रॉब सैंड ने रिपब्लिकन जैक लाहन को हराकर गवर्नर का पद जीत लिया। वहीं, टेक्सास में डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा ने निवर्तमान गवर्नर ग्रेग एबॉट को शिकस्त दी। इसके साथ ही वह टेक्सास में गवर्नर पद पर चुनी गई पहली लातिन अमेरिकी महिला बन गईं।

कंसास में पादरी एवं नेता एडम हैमिल्टन ने करीब 100 वर्षों में पहली बार डेमोक्रेट के लिए सीनेट की सीट जीतकर इतिहास रच दिया।

ओहायो में रिपब्लिकन जॉन हस्टेड, डेमोक्रेट शेरॉड ब्राउन से सीनेट की सीट हार गए। जेडी वेंस के उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद हस्टेड को इस सीट पर नियुक्त किया गया था।

जॉर्जिया में डेमोक्रेट सीनेटर जॉन ओसॉफ दोबारा निर्वाचित हुए जिन्हे 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है।

एसोसिएटेड प्रेस के एक सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 10 में से छह मतदाता ट्रंप के कामकाज से असंतुष्ट हैं। लगभग 70 प्रतिशत मतदाता चाहते हैं कि संसद राष्ट्रपति की शक्तियों पर अधिक नियंत्रण और संतुलन बनाए रखे। वहीं, करीब 10 में से छह मतदाताओं का मानना है कि ट्रंप देश के हितों की तुलना में अपने निजी हितों को अधिक प्राथमिकता देते हैं।

इन नतीजों से ट्रंप की अपनी मर्जी से सरकार चलाने की क्षमता पर काफी अंकुश लग सकता है, क्योंकि अमेरिकी संसद के पास राष्ट्रपति के फैसलों को रोकने के व्यापक अधिकार हैं। अब ट्रंप के पास अपने फैसलों को लागू करने के लिए शासकीय आदेश जारी करने या संसद से पारित विधेयकों पर वीटो का इस्तेमाल करने का विकल्प ही बचेगा।

चुनाव नतीजे सामने आते ही ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें लाल रंग की एक टोपी दिखाई दे रही थी, जिस पर बड़े अक्षरों में वीटो लिखा हुआ है।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button