छत्तीसगढ़

20 हजार घूस लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 नवंबर। राजनांदगांव के बसंतपुर थाना में बुधवार दोपहर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक प्रधान आरक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी प्रधान आरक्षक की पहचान किशोर यादव के रूप में हुई है। मामला निजी लोन सेटलमेंट कराने के एवज में रिश्वत मांगने से जुड़ा है।

मिली जानकारी के मुताबिक एसीबी के डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में रायपुर से पहुंची टीम ने बसंतपुर थाना में दबिश दी। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने एक व्यक्ति से 18 लाख रुपये के लोन सेटलमेंट के एवज में 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसकी पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और प्रधान आरक्षक को 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button