किरंदुल में सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए रखा करवा चौथ का व्रत
किरंदुल। लौह नगरी सहित पूरे अंचल में गुरुवार रात को करवा चौथ का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखा।
सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर उत्साह देखा गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। दोपहर में महिलाओं ने समूह में करवा चौथ की कथा सुनी। हाथों में मेहंदी, सिंदूर, चूड़ियों और सोलह श्रृंगार से सजी सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना की।
बादलों के कारण शाम को महिलाओं को चांद निकलने का काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। चांद दिखाई देने पर महिलाओं ने छलनी से पहले चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखकर व्रत खोला।पतियों ने अपनी पत्नियों को पानी पिलाकर व्रत पूरा कराया।
करवा चौथ सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के अटूट विश्वास और प्रेम के बंधन का प्रतीक है। इस दौरान नगर के राघव मंदिर, दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
