‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को ब्लॉक स्तर की बैठकों से धार देगी कांग्रेस

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 24 अक्टूबर। कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के लिए बिलासपुर में संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शैलेश नितिन त्रिवेदी को बिलासपुर का प्रभारी बनाया है। अभियान के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर बैठक 27 अक्टूबर को होगी। कांग्रेस अब ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर अभियान को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
बिलासपुर पहुंचे शैलेश नितिन त्रिवेदी ने प्रेसवार्ता में बताया कि अभियान का पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण की तैयारियों पर चर्चा के लिए 27 अक्टूबर को बैठक रखी गई है। उन्होंने कहा कि अभियान को आगे बढ़ाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठकें की जाएंगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने नवकिशोर पटनायक को बिलासपुर का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके शहर पहुंचने के बाद शहर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। दोपहर में ग्रामीण कांग्रेस इकाई के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद पटनायक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा जिलों का दौरा करेंगे।
त्रिवेदी ने बताया कि नवंबर में दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली प्रस्तावित है। इसमें देशभर से कांग्रेस और गठबंधन के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली की रणनीति और अभियान की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने भी जिला पर्यवेक्षकों और जिला कांग्रेस अध्यक्षों की ऑनलाइन बैठक निर्धारित की है।
त्रिवेदी के मुताबिक, अभियान का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे।



