पूजा पर इतवारी-शालीमार स्पेशल ट्रेन चलेगी

बिलासपुर में रात और सुबह दोनों समय ठहराव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 9 अक्टूबर। नवरात्रि और दीपावली पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और शालीमार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के तहत चलने वाली ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे बिलासपुर सहित रास्ते के कई स्टेशनों के यात्रियों को सफर में सहूलियत मिलेगी।
गाड़ी संख्या 08861 इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल 15, 22 और 29 अक्टूबर 2026 को हर गुरुवार इतवारी स्टेशन से शाम 5:10 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 2 बजे शालीमार पहुंचेगी।
बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित समय रात 12:35 बजे आगमन और 12:45 बजे प्रस्थान का है।
गाड़ी संख्या 08862 शालीमार-इतवारी पूजा स्पेशल 16, 23 और 30 अक्टूबर को हर शुक्रवार शाम 6 बजे शालीमार से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 3 बजे इतवारी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पर सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी और 7:35 बजे रवाना होगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें दिव्यांगजन की सुविधा वाले गार्ड कोच दो, जनरल चार, स्लीपर 10, एसी थ्री टियर तीन और एसी टू टियर का एक कोच शामिल है।



