इंडिया गठबंधन का कलेक्ट्रेट तक मार्च

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची से हटाए गए नाम बहाल करने की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 9 अक्टूबर। चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर विपक्षी दलों ने बिलासपुर में प्रदर्शन किया। इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई एमएल, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगें रखीं।
प्रदर्शनकारियों की मांग रखी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ वैध मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं और भविष्य में लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं।
रैली से पहले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ और राष्ट्रगान हुआ। रैली अंबेडकर चौक से राजेंद्र नगर और नेहरू नगर चौक होते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक पहुंची।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि दिल्ली से बिलासपुर तक प्रदर्शन कर इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के रवैये के खिलाफ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और सुखदेव भगत के नेतृत्व में सत्याग्रह जारी रहेगा।
प्रदर्शन में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेश पांडे और सियाराम कौशिक तथा पूर्व सांसद इंग्रिड मैकलियोड सहित गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।



