जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने प्रदर्शनकारियों से कैंपस खाली करने को कहा

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को गुलिस्ताने-ग़ालिब लॉन को तुरंत ख़ाली करने का निर्देश दिया है.
प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स को भेजे गए नोटिस में कहा गया, गुलिस्ताने-ग़ालिब बिल्डिंग में आपकी मौजूदगी ग़ैरक़ानूनी है. इस बिल्डिंग में राजनीति विज्ञान विभाग और अर्थशास्त्र विभाग स्थित हैं. आपकी मौजूदगी से इन विभागों के सुचारू कामकाज में बाधा आ रही है.
दरअसल, जब दो दिन पहले प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स को धरना स्थल से हटाने की कोशिश की गई थी, तब वे राजनीति विज्ञान विभाग की बिल्डिंग के अंदर चले गए थे. अभी भी कुछ स्टूडेंट्स उस इमारत में मौजूद हैं.
नोटिस में आगे कहा गया, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आपको आख़िरी मौका दिया जा रहा है कि इस नोटिस के मिलने के तुरंत बाद बिना किसी और देरी के बिल्डिंग और नॉर्थ कैंपस में ग़ालिब लॉन में धरना स्थल को ख़ाली कर दें. साथ ही, अपने साथियों के साथ कैंपस से चले जाएं.
नोटिस में चेतावनी दी गई, अगर आप तुरंत परिसर ख़ाली नहीं करते हैं, तो आपके ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक और क़ानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ऑर्डर जारी करते हुए बताया कि ऑनलाइन क्लासेज़ 8 नवंबर तक जारी रहेंगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने 26 अक्तूबर को हुई बैठक में यह फ़ैसला लिया.
विश्वविद्यालय ने अपने आदेश में बताया कि दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन होंगी. परीक्षाओं का शेड्यूल और अन्य दिशा-निर्देश संबंधित डीन, विभागाध्यक्ष और निदेशक, परीक्षा नियंत्रक से सलाह लेकर तय करेंगे.(bbc.com/hindi)



