छत्तीसगढ़

हेलमेट पहना था, फिर भी नहीं बची जान: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 6अक्टूबर।कोरबा जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर का पहिया बाइक सवार के हेलमेट के ऊपर से गुजर गया और हेलमेट पूरी तरह टूट गया। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया-जटगा मोड़ पर हुआ। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। उसने हेलमेट पहन रखा था,लेकिन टक्कर की ताकत इतनी ज्यादा थी कि हेलमेट भी चकनाचूर हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112की टीम और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की कोशिश शुरू कर दी है।

पुलिस ने ट्रेलर भी जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

इसी बीच सोमवार रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

लगातार हो रहे हादसों से नाराज स्थानीय लोगों ने रात में सड़क जाम कर दिया था। पुलिस की समझाइश के बाद देर रात प्रदर्शन समाप्त हुआ।

इलाके में लगातार हो रही मौतों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रेलरों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से हादसे लगातार हो रहे हैं।

एक ही रात में दो घटनाओं के बाद कुछ घंटे के भीतर फिर एक बाइक सवार की मौत ने इस चिंता को और गंभीर बना दिया है। पुलिस दोनों घटनाओं में अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।

मनोज तिवारी

पारंपरिक परिवार से आते हैं। घर में पूजा-पाठ, बड़ों का सम्मान और सादा रहन-सहन रहा। उन्होंने जीवन में धैर्य और संयम सीखा। उन्हें मंदिर के प्रांगण में बैठना, गंगा किनारे की यादें और पुराने रिश्तों को जीवित रखना अच्छा लगता है। वे कम शब्दों में बात करते हैं, लेकिन बात पूरी होती है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button