करीब़ 39 लाख का बिका टाइटैनिक के ‘हीरो’ का लिखा पोस्टकार्ड
-कैश मर्फ़ी
टाइटैनिक जहाज़ के वरिष्ठ वायरलेस ऑपरेटर जैक फिलिप्स का लिखा एक पोस्टकार्ड नीलामी में 32,000 पाउंड (करीब़ 39 लाख) में बिका है.
इसकी क़ीमत 20 हजार पाउंड तक रहने का अनुमान था. लेकिन इसे अनुमान से कहीं ज़्यादा क़ीमत मिली.
25 साल के जैक फिलिप्स इंग्लैंड के सरे शहर के रहने वाले थे.
उन्होंने यह पोस्टकार्ड अपनी बहन एल्सी को लिखा था. यह पोस्टकार्ड 6 अप्रैल 1912 को लिखा गया था. उस समय टाइटैनिक जहाज़ साउथैम्पटन में खड़ा था.
टाइटैनिक हादसे में क़रीब 1,500 अन्य लोगों के साथ फिलिप्स की भी मौत हो गई थी.
जहाज़ के हिमखंड से टकराने के बाद भी वह अपनी ड्यूटी पर डटे रहे. उन्होंने वायरलेस के ज़रिए मदद के लिए संदेश भेजना जारी रखा.
उनका यह पोस्टकार्ड शनिवार को विल्टशायर में हुई नीलामी में शामिल था. पोस्टकार्ड पर लिखा था, आपके ख़त के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. यहां मौसम बहुत अच्छा है. जहाज़ के रवाना होने से पहले फिर लिखूंगा.
टाइटैनिक हादसे के दौरान 705 लोगों को आरएमएस कार्पेथिया जहाज़ ने बचाया था.
कार्पेथिया को फिलिप्स के भेजे गए संदेशों की वजह से मदद के लिए रवाना किया गया था.(bbc.com/hindi)


