शारदीय नवरात्रि पर्व 2026 : दंतेवाड़ा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, 11 से 19 अक्टूबर तक रहेगा रूट डायवर्ट
दंतेवाड़ा। जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में स्थित प्रसिद्ध माँ दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
– रायपुर, कोंडागांव, जगदलपुर से किरंदुल/बचेली जाने वाले भारी वाहन केशलूर से कटेकल्याण होते हुए दंतेवाड़ा SBI बैंक चौक की ओर आवागमन करेंगे।
– बचेली, किरंदुल, दंतेवाड़ा से जगदलपुर, कोंडागांव, रायपुर जाने वाले भारी वाहन SBI बैंक चौक से कटेकल्याण होते हुए केशलूर की ओर जाएंगे।
– बचेली/किरंदुल से बीजापुर जाने वाले भारी वाहन दंतेवाड़ा से फरसपाल चौक होते हुए गीदम की ओर जाएंगे, वहीं बीजापुर से आने वाले वाहन गीदम से फरसपाल होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेंगे।
बस एवं छोटे वाहनों के लिए रूट
– जगदलपुर की ओर से किरंदुल/बचेली जाने वाले वाहन गीदम हरम चौक से रेलवे क्रॉसिंग, गायत्री चौक, जिला अस्पताल रोड होते हुए SBI बैंक चौक जाएंगे।
– वापसी में SBI बैंक चौक से जिला अस्पताल रोड, गायत्री चौक, रेलवे क्रॉसिंग होते हुए हरम चौक गीदम की ओर जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था
– जगदलपुर, बीजापुर, गीदम से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए VIP पार्किंग होटल देवभोग के पीछे, दोपहिया वाहनों के लिए न्यू अग्रवाल मार्ट के बाजू में और कार/चारपहिया वाहनों के लिए हाईस्कूल ग्राउंड में व्यवस्था की गई है।
– बचेली, किरंदुल, कुआकोंडा से आने वाले वाहनों के लिए SBI बैंक चौक से फॉरेस्ट नाका पानी टंकी मार्ग होते हुए पूर्व मेला स्थल (तेंदूपत्ता गोदाम) के बगल में पार्किंग रहेगी।
प्रतिबंधित मार्ग
11 से 19 अक्टूबर तक गायत्री चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए बस स्टैंड तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल श्रद्धालुओं को अनुमति होगी। साथ ही सभी भारी वाहनों का दंतेवाड़ा शहर के मुख्य मार्गों से प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एम्बुलेंस, अग्निशमन सहित आपातकालीन वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
दंतेवाड़ा पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित मार्ग और पार्किंग का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

