सोनम वांगचुक ने सरकार को 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम, अनशन करने की चेतावनी

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर सरकार से हिरासत में लिए गए लोगों को तुरंत रिहा करने की मांग की.
उन्होंने वीडियो में कहा, कुछ देर पहले वापस आने पर पता चला कि आज दिल्ली में बहुत सारी गिरफ़्तारियां हुई हैं, छात्र नेताओं की, युवा नेताओं की, वकीलों की, पत्रकारों की, यहां तक कि सांसदों की भी.
उन्होंने कहा, कल उन्हें लगा था कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दे दी जाएगी. मगर अब लग रहा है कि देशभर में जैसे कोई अघोषित आपातकाल लगा है.
उन्होंने सरकार से कहा, अगर अगले 24 घंटों में भी गिरफ़्तारियां नहीं हटाई गईं, तो मैं भी एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर विचार करने के लिए मज़बूर हो जाऊंगा.
उन्होंने कहा कि वह धरना, अनशन या पदयात्रा, कुछ भी कर सकते हैं और यह दिल्ली या लेह में कहीं भी हो सकता है.(bbc.com/hindi)



