डीजे डांस प्रतियोगिता में चाकूबाजी, युवक की मौत, तीन घायल

महासमुंद, 16 नवम्बर। जिले के ग्राम कोल्दा में परसों शनिवार की रात डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच उपजा विवाद चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना में चाकू लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान डेनिल दीवान (22 वर्ष) निवासी ग्राम कोमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डेनिल अपने सगे-संबंधियों के साथ ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने गया था। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया और चाकूबाजी की घटना हुई। घटना में घायल मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान को उपचार के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा की है।



