राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता शुरू, पांच संभागों के 571 खिलाड़ी मैदान में

बहतराई स्टेडियम ने देश को दिए हैं कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी-साव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 8 अक्टूबर। बहतराई के खेल मैदान में राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का उद्घाटन 7 अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वर्गीय बीआर यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में किया। प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभागों के 571 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन 10 अक्टूबर तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों की मार्च-पास्ट की सलामी लेने और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता शुरू करने के बाद अरुण साव ने कहा कि बहतराई के मैदान ने राज्य और देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं।
उन्होंने एशियाई खेलों में कबड्डी का स्वर्ण पदक जीतने वाली संजू देवी और अंडर-19 महिला हॉकी में देश का नाम रोशन करने वाली मधु सिदार तथा गीता यादव का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश जो खेलेगा, वही खिलेगा का उल्लेख करते हुए खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ उतरने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के प्रमुख खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। तेज धूप में प्रस्तुति देने वाली छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए विधायक ने 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
प्रतियोगिता के तहत 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में तीरंदाजी, अंडर-19 महिला हॉकी और अंडर-19 बालक कबड्डी के मुकाबले बहतराई एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सुर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।


