जॉर्डन में चर्च पर हमले के तीन दोषियों को फांसी की सज़ा, नौ लोगों की हुई थी मौत

जॉर्डन की एक अदालत ने एक चर्च पर गोलीबारी करने वाले तीन लोगों को फांसी की सज़ा सुनाई है.
23 अक्तूबर को करक प्रांत के एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में हुए इस हमले में नौ लोग मारे गए थे और 34 घायल हुए थे.
जॉर्डन की सशस्त्र सेनाओं ने रविवार को जारी बयान में बताया कि तीनों को आतंकवादी गतिविधियों के अलावा हथियार रखने, एक आतंकवादी संगठन के विचारों को बढ़ावा देने और आतंकवादी गतिविधियों की साज़िश रचने का दोषी पाया गया.
तीनों दोषियों में दो जॉर्डन के रहने वाले भाई और उनका एक रिश्तेदार शामिल है. उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
हमले के दिन के सीसीटीवी फ़ुटेज में तीन बंदूकधारी हमूद गांव के सेंट जॉर्ज चर्च की ओर बढ़ते और गोलीबारी करते दिखाई दिए थे.
एक दूसरे वीडियो में अफ़रातफ़री के बीच मृतक और घायल ज़मीन पर पड़े दिखे.
हमले के बाद जॉर्डन के शाह अब्दुल्लाह द्वितीय ने एक्स पर लिखा था, जो लोग इस भ्रम में हैं कि वे अपनी गोलियों से जॉर्डन के लोगों को बांट सकते हैं, हमारी एकता के सामने उनकी कोई गुंजाइश नहीं है.
तीनों हमलावर घटनास्थल से भाग गए थे. तीन दिन बाद उन्हें राजधानी अम्मान के दक्षिण में करक प्रांत के एक खाली पड़े मकान में पकड़ा गया.
जॉर्डन में मौत की सज़ा फांसी देकर दी जाती है. देश में 2006 से 2014 तक फांसी पर अनौपचारिक रोक रही थी. इसके बाद 2017 से इस साल जून तक भी फांसी नहीं दी गई थी.(bbc.com/hindi)



