बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट पर फिर यू-टर्न,

सरकार के निर्देश बेअसर, अब सप्ताह में सिर्फ एक दिन उड़ान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 1नवंबर।बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा को लेकर एक बार फिर यात्रियों को निराशा हाथ लगी है। राज्य सरकार के हस्तक्षेप और सप्ताह में दो दिन फ्लाइट चलाने के निर्देशों के बावजूद अब इस सेवा को केवल रविवार को संचालित करने का फैसला लिया गया है। रविवार1नवंबर की निर्धारित उड़ान भी रद्द कर दी गई। अब8नवंबर से सेवा शुरू करने की घोषणा की गई है और टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
विंटर शेड्यूल में बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट सप्ताह में दो दिन चलाने का प्रस्ताव था।37दिनों के लंबे अंतराल के बाद25अक्टूबर को सेवा दोबारा शुरू हुई थी,लेकिन पहली ही उड़ान के बाद इसे फिर रोक दिया गया।
कम यात्री मिलने को वजह बताया गया। पहली उड़ान में36यात्रियों ने सफर किया था,जबकि दूसरी उड़ान के लिए42टिकटों की बुकिंग हो चुकी थी। इसके बावजूद उड़ान रद्द कर दी गई और यात्रियों को टिकट का पैसा लौटाया गया।
फ्लाइट बंद होने के फैसले के बाद हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। समिति के प्रतिनिधियों ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसके बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विमानन अधिकारियों से बात कर सेवा जारी रखने के निर्देश दिए।
राज्य के विमानन संचालनालय ने भी एलायंस एयर को ईमेल भेजकर सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित करने का आग्रह किया था। इसके बावजूद एयरपोर्ट डायरेक्टर की ओर से अब सप्ताह में केवल एक दिन सेवा चलाने की जानकारी दी गई है।


