ईरान ने इटली के नागरिकों की मौत में भूमिका से किया इनकार, कहा- जांच में सहयोग के लिए तैयार

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी से फोन पर बातचीत की और कुवैत में इटली के दो नागरिकों की हत्या पर शोक जताया है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अराग़ची ने कहा कि कुवैत पर हुए ड्रोन हमले में ईरान शामिल नहीं था और न ही उसकी इस हमलें में कोई भूमिका थी.
ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि ईरान घटना के मूल कारण का पता लगाने और इसके विभिन्न पहलुओं की जांच करने के लिए कुवैत और इटली की सरकारों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है.
इससे पहले इटली ने कहा था कि कुवैत में गुरुवार को ईरान के ड्रोन हमले में उसके दो नागरिकों की मौत हो गई.
बीबीसी फ़ारसी ने इटली के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़ लिखा कि दोनों नागरिक जर्मनी की हथियार बनाने वाली कंपनी राइनमेटल के लिए काम करते थे.
इससे पहले कुवैत ने कहा था कि उसके सशस्त्र बलों ने कई दुश्मन ड्रोन को मार गिराया.
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि इन ड्रोन को रोकने की कार्रवाई के दौरान चार लोग छर्रे लगने से घायल हुए थे. इनमें कुवैत का एक नागरिक, दो इतालवी नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे. (bbc.com/hindi)



