छत्तीसगढ़

बड़े खरीदार बन कारोबारी से ठगे 23 लाख, 3 पर एफआईआर

छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर,13 अक्टूबर। कारोबारी से 22 लाख 80 हजार रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, दो युवकों और एक युवती ने खुद को बड़े खरीदार बताकर उधार में नौ आईफोन लिए और कार्ड से कारोबारी के खाते से 14 लाख रुपये भी लिए। रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप है। कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, बौरीपारा निवासी आदित्य हर्षवर्धन गुप्ता ने शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में एक परिचित के माध्यम से उसका संपर्क नमनाकला निवासी आयुष सिंह से हुआ था। आयुष ने एप्पल के उत्पाद बड़ी मात्रा में खरीदने की बात कही और भरोसा दिलाने के लिए संजय सिंह तथा मोनिका मलिक से मुलाकात कराई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 12 अक्टूबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच आयुष को आईफोन 16 प्लस, आईफोन 17 और आईफोन 17 प्रो मॉडल के कुल नौ मोबाइल उधार में दिए गए। इनकी कीमत 8 लाख 80 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

इसके अलावा, दिसंबर के पहले सप्ताह में आयुष ने कान्हा मोबाइल के माध्यम से कारोबारी भुगतान के लिए रखी 11 लाख 50 हजार रुपये की राशि कार्ड स्वाइप कराकर ले ली। शिकायत में 23 दिसंबर को कार्ड से 1 लाख 70 हजार और 24 दिसंबर को 80 हजार रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया है। इस तरह कार्ड के जरिए कुल 14 लाख रुपये लिए जाने की बात कही गई है।

आदित्य के अनुसार, रुपये लौटाने के लिए कहने पर तीनों ने मूलधन के साथ ब्याज चुकाने का लिखित आश्वासन दिया था। बाद में रकम मांगने पर कथित रूप से धमकाया और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दी।

कोतवाली पुलिस ने आयुष सिंह, संजय सिंह और मोनिका मलिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316, 61(2) और 351 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button