सोने में 4,000 और चांदी में 10,100 रुपए टूटा

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 22 अक्टूबर । अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ईरान-अमेरिका तनाव से जुड़े घटनाक्रम, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, डॉलर सूचकांक में मजबूती और भारतीय रुपये में मजबूती का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि अमेरिकी बॉन्ड पर ब्याज बढ़ने से निवेशकों का रुझान सोने के बजाय बॉन्ड की ओर बढ़ा है। वहीं, डॉलर की मजबूती से सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। भारतीय रुपये में मजबूती आने से आयात की लागत भी कम हुई है, जिसका असर घरेलू बाजार में दिखाई दे रहा है।
श्री मालू ने बताया कि शुक्रवार को सोना 1,51,100 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,16,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन, आज सोना घटकर 1,47,100 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,06,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस तरह सोने में 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी में 10,100 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों की दिशा अंतरराष्ट्रीय बाजार के घटनाक्रम, अमेरिकी डॉलर, बॉन्ड यील्ड और रुपये की चाल पर निर्भर करेगी।



