अचानकमार में बाघिन ने किया दो हिरणों का शिकार

शव मिलने से अलर्ट, ग्रामीणों को जंगल में जाने से रोका
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मुंगेली, 1नवंबर।अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे खुड़िया वन परिक्षेत्र के कारीडोंगरी जंगल में बाघिन की मौजूदगी के संकेत मिलने से वन विभाग सतर्क हो गया है। यहां दो हिरणों के शव मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि बाघिन ने उनका शिकार किया है। वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक,गुरुवार शाम खुड़िया वन परिक्षेत्र के करिडोंगरी के पास गश्त कर रहे वनकर्मियों को बाघिन के पगमार्क दिखाई दिए। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया।
शाम को कक्ष क्रमांक494/95में दो मृत हिरण मिले। शुरुआती जांच में दोनों हिरणों की मौत बाघिन के हमले में होने की आशंका जताई गई है।
उप वनमंडलाधिकारी डीएस सूर्यवंशी ने बताया कि वन विभाग की टीम बाघिन की तलाश कर रही है। वह अचानकमार टाइगर रिजर्व की ओर चली गई हो सकती है।
वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक के मुताबिक,इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और लगातार गश्त की जा रही है। वनकर्मियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
करिडोंगरी,झालरी,दुल्लापुर,खुड़िया और कंसारी सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को जंगल में अनावश्यक प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है। मवेशियों को चराने के लिए जंगल में ले जाने से भी मना किया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि बाघिन या उसके पगमार्क दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें।


