लाखों की सराफा डकैती, 3 बंदी, 2 की तलाश

सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज, 5सौ से पूछताछ
छत्तीसगढ़संवाददाता
कवर्धा, 1नवंबर। कबीरधाम जिले के थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में हुई डकैती का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक मोटरसाइकिल और 1,500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर की शाम सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती हुई थी। इस संबंध में थाना तरेगांव जंगल में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर को आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब भट्टी के सामने एकत्रित हुए थे और दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र की ओर आए थे। तरेगांव बाजार क्षेत्र में सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास आरोपियों ने वेदप्रकाश सोनी की मोटरसाइकिल का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और लाखों के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पंडरिया और पुलिस टीमों ने संदिग्ध निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास पकड़ा। पूछताछ के बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लिया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि घटना के बाद वे मुंगेली पहुंचे थे और चांदी के जेवरात को बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई थी। उन्होंने जेवरात आपस में बांटकर छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
प्रकरण में गिरफ्तार तीन आरोपियों निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और (3) सचिन पात्रे को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, तथा मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।



