पांच बार के पार्षद सगीर खान के जिला बदर आदेश पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, कलेक्टर को भी तलब किया

एक साल के निष्कासन आदेश को चुनौती
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 28 नवंबर। पांच बार पार्षद रह चुके कोंडागांव के सगीर खान के खिलाफ जारी एक साल के जिला बदर आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने जिला बदर की पूरी कार्रवाई से संबंधित रिकॉर्ड भी पेश करने का निर्देश दिया है। साथ ही अगली सुनवाई में कलेक्टर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहने के मौखिक निर्देश दिए हैं।
25 नवंबर को न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार की खंडपीठ में मामले की सुनवाई हुई।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता संदीप दुबे ने बताया कि कोंडागांव जिले में सगीर खान के खिलाफ सात आपराधिक मामलों और कुछ समाचार रिपोर्टों को आधार बनाकर जिला बदर की कार्रवाई की गई है। इनमें से तीन मामलों में वह बरी हो चुके हैं, जबकि केवल एक मामला लंबित बताया गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रशासन ने समाचारों और फेसबुक टिप्पणियों को भी कार्रवाई का आधार बनाया, जिनमें प्रशासनिक कार्यप्रणाली की आलोचना की गई थी।
याचिका के मुताबिक, जिला प्रशासन ने 28 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया, जो 11 नवंबर को मिला। इसके बाद 13 और 16 नवंबर को पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट, संबंधित दस्तावेज और विभागीय नोटशीट उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिए गए, लेकिन ये दस्तावेज नहीं दिए गए।
आरोप है कि पर्याप्त अवसर दिए बिना ही 16 नवंबर को एक साल के जिला बदर का आदेश जारी कर दिया गया। इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत बताया गया है।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने और जिला बदर की पूरी प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 जनवरी 2027 को होगी। अब कोर्ट प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया, उपलब्ध साक्ष्यों और आदेश के आधार की जांच करेगा।



