ऑनर किलिंग: फरार ताऊ झारखंड से बंदी

पिता पहले पकड़ा जा चुका है, चाचा फरार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 29 नवंबर। महासमुंद जिले के थाना पटेवा क्षेत्र में करीब पांच-छह माह पूर्व 19 वर्षीय रानी कुमारी सिंह की हत्या में फरार चल रहे आरोपी राजेश सिंह (मृतिका के बड़े पिता) को पुलिस ने पलामू (झारखंड) से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी उमेश सिंह (मृतिका के पिता) की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून की सुबह थाना पटेवा क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा के पास खेत में एक युवती का शव मिला था, जिसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार के निशान थे। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच में मृतिका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह पत्नी प्रेम ध्रुव के रूप में हुई, जो मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी और बागबाहरा में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई करती थी।
पुलिस की विवेचना के अनुसार, रानी ने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध अंतरजातीय विवाह किया था, जिससे उसके परिजन नाराज थे। पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी के चलते मृतिका के पिता उमेश सिंह ने अपने भाइयों दिनेश सिंह और राजेश सिंह के साथ मिलकर घटना की योजना बनाई।
16 जून को तीनों के कथित रूप से उसे बाइक पर ले जाने और तुरेंगा के पास धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतिका गर्भवती थी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने पूर्व में मृतिका के पिता उमेश सिंह को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार किया था। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर राजेश सिंह के अपने गृह ग्राम कजरू खुर्द, जिला पलामू (झारखंड) के पास जंगलों में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में फरार बताए जा रहे आरोपी दिनेश सिंह (चाचा) की तलाश जारी है।



